
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के जमुरना गांव निवासी पप्पू राय के 20 वर्षीय पुत्र पंकज की सर्पदंश से मौत हो गई। शुक्रवार की रात छतपर सोते समय सांप ने डंस लिया। इकलौता पुत्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
शुक्रवार की रात भोजन के बाद पंकज घर के छत पर सोया था। देर रात जहरीले सांप ने उसे काट लिया। पंकल छटपटाने लगा। आनन-फानन में परिजनों ने उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हृदयविदारक घटना से परिवार सहित गांव में शोक की लहर दौड़ गई।