fbpx
चंदौलीराज्य/जिलाविधान सभा चुनाव

चंदौलीः खर्च का हिसाब नहीं देने पर तीन प्रत्याशियों को नोटिस, सूर्यमुनी तिवारी व सुशील सिंह का खर्च 20 लाख के पार

चंदौली। विधानसभा प्रत्याशियों के चुनावी खर्च पर प्रशासन की नजर है। व्यय प्रेक्षक की ओर से उम्मीदवारों के चुनाव खर्च का मिलान किया गया था। इसमें सैयदराजा विधानसभा के तीन प्रत्याशी अनुपस्थित रहे। व्यय प्रेक्षक ने आरओ के जरिए उन्हें भेजवाई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनावी खर्च की निगरानी व आचार संहिता का अनुपालन कराने के लिए उड़नदस्ता की 36 टीमों को सक्रिय कर दिया है।

आयोग के निर्देशानुसार व्यय प्रेक्षक की ओर से समय-समय पर प्रत्याशियों के चुनाव खर्च का मिलान किया जा रहा है। चार मार्च को सैयदराजा विधानसभा से जनता राज पार्टी के प्रत्याशी महेश कुमार, आप प्रत्याशी सुरेश सिंह व निर्दलीय रवींद्र सिंह ने अपना व्यय लेखा प्रस्तुत नहीं किया। इसको गंभीरता से लेते हुए व्यय प्रेक्षक ने तीनों प्रत्याशियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

सूर्यमुनी व सुशील ने पार किया 20 लाख का आंकड़ा
व्यय लेखा परीक्षण के दौरान प्रत्याशियों की ओर से प्रस्तुत किए गए चुनावी खर्च के विवरण के अनुसार सकलडीहा से भाजपा प्रत्याशी सूर्यमुनी तिवारी ने 20.40 लाख तो सैयदराजा से भाजपा उम्मीदवार सुशील सिंह ने 20.09 लाख रुपये खर्च किए हैं। मुगलसराय से भाजपा प्रत्याशी रमेश जायसवाल ने 13.70 लाख तो सपा के चंद्रशेखर यादव ने 12.89 लाख व बसपा के इरशाद अहमद ने 5.54 लाख खर्च किए। इसी तरह सकलडीहा में सपा के प्रभुनारायण सिंह यादव ने 9.22 लाख, बसपा के जयश्याम ने 9.17 लाख व कांग्रेस के देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने 7.10 लाख खर्च किए हैं। सैयदराजा से सपा प्रत्याशी मनोज सिंह डब्लू ने 7.44 लाख तो कांग्रेस की विमला ने 4.59 लाख खर्च किए। इसी तरह चकिया विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी कैलाश खरवार ने 11.79 लाख, सपा के जितेंद्र कुमार ने 7.67 लाख तो बसपा के विकास आजाद ने 5.81 लाख खर्च किया है।

Back to top button