
चंदौली। सीएम योगी आदित्यनाथ की जिले में मौजूदगी के दौरान सपा नेताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प का मामला सत्ता के गलियारों में चर्चा का विषय बन चुका है। खबर भाजपा और सपा के शीर्ष नेताओं तक भी पहुंच चुकी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने ट्विटर के जरिए घटना पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। अपने आधिकारिक ट्विटर एकाउंट पर घटना का वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि लाल टोपी वाले अपनी ट्रेनिंग का छोटा सा नमूना दिखाते हुए।
यह है पूरा मामला
सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार को चंदौली में थे। वे रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ में होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास करने आए थे। जिले में खाद की किल्लत, खस्ताहाल सड़क आदि समस्याओं से सीएम को अवगत कराने बड़ी संख्या में सपाई कार्यक्रम स्थल की ओर कूच कर गए। रास्ते में पुलिस ने उन्हें रोक लिया। समझाने का प्रयास किया। लेकिन सपाई कहां मानने वाले थे। सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण यादव और सीओ अनिरुद्ध सिंह एक दूसरे से उलझ गए। धक्कामुक्की और हाथापाई भी हुई। सपाई समझाने पर नहीं माने तो पुलिस को लाठी भांजनी पड़ी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने इसी मामले में अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लिखा है कि लाल टोपी वाले अपनी ट्रेनिंग का छोटा सा नमूना दिखाते हुए।