
वाराणसी। जिले में बदमाशों ने एक बार फिर खाकी को चुनौती दी है। रोहनियां थाना अंतर्गत कन्नादाड़ी ओवरब्रिज के पास बदमाशों ने बाइक सवार 40 वर्षीय व्यक्ति को गोलियों से भून डाला। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। मौके पर भारी भीड़ जुट गई। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम तफ्तीश कर रही है। घटनास्थल पर 32 बोर के तीन खोखा मिले हैं। मृतक राजेश जायसवाल कछवां रोड मिर्जामुराद का निवासी बताया जा रहा है।
कछवां रोड मिर्जामुराद निवासी भोेलानाथ जायसवाल के 40 वर्षीय पुत्र राजेश जायसवाल हेरिटेज हास्पिटल में भर्ती अपनी सास के साथ रहने वाले रिश्तेदार को खाना लेकर बाइक से जा रहे थे। कन्नादाड़ी ओवरब्रिज के पास तकरीबन आठ बजे बदमाशों उन्हें गोलियों से भून डाला। गोली लगते ही वह गिर पड़े और दम तोड़ दिया। रोहनियां पुलिस शव को बीएचयू ले गई। मृतक परचून की दुकान और आटा चक्की चलाते थे।