fbpx
ख़बरेंचंदौली

चंदौली न्यूज : ड्यूटी जाते वक्त फार्मासिस्ट की हृदयगति रुकने से मौत, परिवार में छाया मातम

चंदौली। सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत 43 वर्षीय फार्मासिस्ट मनोज कुमार सेठ का बुधवार शाम अचानक हृदयगति रुकने से निधन हो गया। मनोज बलुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत मथेला स्थित खंडवारी गांव के निवासी थे। ड्यूटी पर जाते समय उन्हें हार्ट अटैक आया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। वहीं शुभचिंतक भी स्तब्ध रह गए।

 

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से मनोज कुमार की तबीयत खराब चल रही थी। बुधवार की शाम वे बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। मथेला में पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही उन्होंने हाईवे पर बाइक रोकी और उतरे, वे अचानक सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनियां पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

मनोज की असमय मृत्यु से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके परिवार में पिता विशेश्वरनाथ सेठ, माता राजकुमारी, पत्नी रेखा, दो बेटियां प्रियंका और रितिका, बेटा प्रियांशु और दो भाई दिलीप एवं नरेंद्र हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सहकर्मियों और ग्रामीणों ने उनकी मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

 

Back to top button