
चंदौली। कोरोना मरीजों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। गुरुवार को पांच पाजिटिव मरीज मिले। वहीं बुधवार को 10 लोग संक्रमित पाए गए थे। इससे एक्टिव केस की संख्या भी बढ़कर अब 46 हो गई है। गनीमत यह कि किसी भी मरीज को अस्पताल में भर्ती कराने की नौबत अभी नहीं आ रही। वैसे, सावधानी जरूरी है, वरना संक्रमण की जद में आ सकते हैं।
गुरुवार को 1122 सैंपल की जांच कराई गई थी। इसमें पांच की रिपोर्ट पाजिटिव आई। इसमें दो पुरूष व तीन महिलाएं शामिल हैं। सभी स्थानीय निवासी हैं। जिले में चकिया ब्लाक के चार व एक बरहनी के रहने वाले हैं। इनके संपर्क में आए लोगों की कांटैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। 11 लोग स्वस्थ हुए। जिले में कोरोना के अब तक कुल 18,042 केस मिल चुके हैं। एक्टिव केस की संख्या 46 है। 17,615 स्वस्थ्य हो चुके हैं।