fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : सदर कोतवाल के खिलाफ ग्राम प्रधान लामबंद, किशोरी के साथ छेड़खानी से जुड़ा है मामला, आरोप, इंस्पेक्टर ने गलत तरीके से की बात, जेल भेजने की दी धमकी

चंदौली। अपनी करतूतों की वजह से हमेशा चर्चा में रहने वाले सदर कोतवाल राजेश सिंह का एक और मामला सामने आया है। किशोरी के साथ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज न करने पर इस बार ग्राम प्रधान उनके खिलाफ लामबंद हो गए हैं। प्रधानों ने कोतवाल के रवैये पर नाराजगी व्यक्त करते हुए धरना दिया। आरोप लगाया कि किशोरी के साथ छेड़खानी मामले में बात करने पर उनके साथ गलत बर्ताव किया। वहीं जेल भेजने की धमकी दी। प्रधानों ने इंस्पेक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। 

 

सदर कोतवाली के एक गांव निवासी किशोरी के साथ मनबढ़ युवक बार-बार छेड़खानी करता है। इसकी शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन पुलिस ने आज तक कोई कार्रवाई नहीं की। आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने में भी पुलिस आनाकानी कर रही है। इसी मामले को लेकर कई गांवों के ग्राम प्रधान सदर कोतवाल से बात करने के लिए सदर कोतवाली पहुंचे थे। आरोप लगाया कि कोतवाल ने उनके साथ ऊंची आवाज में बात की। वहीं सभी को जेल भेजने की धमकी दे डाली। इससे प्रधान आक्रोशित हो गए और धरने पर बैठ गए। वाकया सामने आने के बाद सदर कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। जनप्रतिनिधियों के साथ कोतवाल के रवैये से आक्रोश है। प्रधानों ने इंस्पेक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

लोगों की मानें तो सदर कोतवाल के खिलाफ इस तरह की शिकायतें पहले भी आ चुकी हैं। एसपी तक मामला पहुंचा है। वहीं समाधान दिवस में भी फरियादियों ने उनकी कार्यप्रणाली को लेकर अफसरों को अवगत कराया था। इसके बावजूद कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हो रहा है। धरना देने वालों में सदलपुरा प्रधान विवेक सिंह, बर्थरा प्रधान दिलीप सिंह टुनटुन, धरहरा प्रधान अमित सिंह, अनिता, रामआशीष, संतोष, रामसूरत राजभर, अर्जुन, जेपी, गुलाब मौर्या, मनीष, बिमलेश यादव समेत कई प्रधान मौजूद रहे।

 

Back to top button