fbpx
क्राइमचंदौली

Chandauli News : लोको पायलट के घर में 12 लाख की चोरी, चोरों ने एसी आन कर ठंडे में इत्मिनान से खंगाला पूरा घर, आभूषण और नकदी समेट ले गए

चंदौली। पीडीडीयू नगर के लोको कालोनी निवासी लोको पायलट के घर में घुसकर चोरों ने 12 लाख से अधिक की चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर आवास के पीछे की दीवार तोड़कर घर के अंदर घुसे और गोदरेज का दरवाजा और लाकर तोड़कर लगभग 12 लाख के गहने और नकदी समेट ले गए। चोरों ने बंद एसी को आन कर ठंडे में इत्मिनान से पूरे घर को खंगाला। लोको पायलट रक्षाबंधन पर जौनपुर गए थे। गुरुवार को वापस लौटे तो घर की हालत देख अवाक रह गए। उन्होंने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर घटना से अवगत कराया है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।

जौनपुर निवासी कन्हैया लाल राजधानी एक्सप्रेस के लोको पायलट हैं। पीडीडीयू नगर लोको कालोनी में उनका आवास है। रक्षाबंधन पर छुट्टी लेकर परिवार के साथ जौनपुर अपने घर गए हुए थे। गुरुवार को वापस आए तो देखा घर के अंदर लाइट जल रही थी। वहीं दरवाजा भी खुला हुआ था। आवास के पीछे की दीवार टूटी हुई थी। अंदर जाकर देखा तो गोदरेज के दरवाजे और लाकर टूटे हुए थे। उनमें रखा लगभग 12 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण नदारत थे। गहनों के डिब्बे बेड पर और घर में कमरों में बिखरे पड़े थे। घर में रखे लगभग 10-12 हजार रुपये भी गायब थे। एसी बंद करके गए थे, लेकिन वापस आए तो आन मिला। घर की हालत देखकर उनके होश उड़ गए।

लोको पायलट ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर घटना से अवगत कराया। बताया कि चोर लगभग 12 लाख रुपये मूल्य के गहने ले गए। वहीं 10-12 हजार रुपये नकदी भी गायब है। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी रही।

Back to top button