
चंदौली। मुगलसराय के धान क्रय केंद्र से संबंधित पोर्टल की तकनीकी समस्या का समाधान हो गया है। उप जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि पहले तहसील का पोर्टल शो नहीं कर रहा था, जिसके कारण किसान आवेदन नहीं कर पा रहे थे। यह समस्या पोर्टल में तकनीकी गड़बड़ी के कारण उत्पन्न हुई थी, जिसके चलते ब्लॉक तहसील सदर, चंदौली के पोर्टल पर सही डेटा नहीं दिखा रहा था। अब यह समस्या पूरी तरह से ठीक कर दी गई है, और पोर्टल सुचारू रूप से कार्य कर रहा है।
धान क्रय केंद्र के पोर्टल के सही होने के बाद अब किसान अपनी फसलों के पंजीकरण और सत्यापन के लिए आवेदन कर सकते हैं। खाद्य एवं रसद विभाग, उत्तर प्रदेश विपणन वर्ष 2024-2025 के अंतर्गत तहसील क्षेत्र में धान फसल के ग्रामवार सत्यापन हेतु पंजीकृत 147 किसानों के आवेदन भी अब पोर्टल पर शो हो रहे हैं। ये आवेदन लेखपालों को सत्यापन के लिए भेजे जा चुके हैं। उप जिलाधिकारी ने क्षेत्र के समस्त किसान बंधुओं से अपील की है कि वे पोर्टल पर जाकर समय से अपने आवेदन करें और इस योजना का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि सरकार की इस योजना का उद्देश्य किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य दिलाना है और इस पोर्टल के माध्यम से प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना है, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।