fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : चकिया ब्लाक में रबी गोष्ठी और कृषि निवेश मेला, अन्नदाताओं को तिलहनी और दलहनी फसलों की खेती को किया प्रेरित

चंदौली। चकिया ब्लाक मुख्यालय परिसर में शुक्रवार को कृषि विभाग की ओर से विकासखंड स्तरीय रबी गोष्ठी और कृषि निवेश मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बीडीओ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। गोष्ठी में किसानों को उन्नत खेती की जानकारी दी गई। वहीं तिलहनी और दलहनी फसलों की खेती के लिए प्रेरित किया गया।

 

कृषि, पशुपालन, उद्यान समेत विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों ने किसानों को उन्नतशील खेती और फसल उत्पादन बढ़ाने की तकनीकों पर जानकारी दी। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरपी भारती ने सेक्स सीमन तकनीक के माध्यम से मवेशियों में मादा शिशु के जन्म की 90% संभावना के बारे में बताया और अधिक से अधिक पशुपालकों को इसका लाभ उठाने की सलाह दी।

कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) के वैज्ञानिक डॉ. अजय गौतम ने किसानों को दलहन और तिलहन फसलों की खेती, बीज गुणवत्ता, उर्वरकों के संतुलित उपयोग, सिंचाई और रोग प्रबंधन की जानकारी दी। एडीओ कृषि अशोक सिंह ने बीज शोधन की प्रक्रिया समझाई, जबकि उद्यान विभाग ने रबी सीजन की सब्जियों और उनकी देखभाल के उपाय बताए।

 

सहायक विकास अधिकारी कृषि अजीत कुमार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान सम्मान निधि के तहत पंजीकरण की अपील की। फसल बीमा विभाग ने किसानों को अपनी फसलों का बीमा कराने पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में 25 किसानों को सरसों के बीज का निशुल्क वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप कुशवाहा ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र के दर्जनों किसान और कृषि विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

 

Back to top button