
चंदौली। निकाय चुनाव को लेकर सपा (sapa) ने भी कमर कस ली है। पार्टी सभी निकायों में चेयरमैन पद पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। बुधवार को जिला मुख्यालय पर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें निकाय चुनाव को लेकर चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी निकायों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चेयरमैन और सभासद के उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि पार्टी निकाय चुनाव में पूरी दमदारी के साथ मैदान में उतरेगी। जिले के चारों निकाय में चेयरमैन और वार्ड में सभासद के प्रत्याशियों को सपा के सिंबल पर लड़ाया जाएगा। इसके लिए सभावित उम्मीदवारों का चयन पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के द्वारा किया जाएगा। सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने कहा कि यूपी में हुए उपचुनाव से साबित हो गया है कि जनता भाजपा के झूठ राजनीति को समझ चुकी है। ऐसे में निकाय चुनाव में भाजपा को मात देने के लिए जनता ने मन बना लिया है। पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने कहा कि निकाय चुनाव सपा के लिए काफी अहम है। प्रत्याशियों के चयन को लेकर पूरी पारदर्शिता के साथ कार्रवाई होगी। खुली बैठक के माध्यम से उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा होगी। इसके बाद आम सहमती बनने के बाद ही उम्मीदवार के नाम की घोषणा की जाएगी। इस दौरान नफीस अहमद, रामजनम यादव, सुभाष यादव, श्यामनारायण यादव, मो. अजहर आदि मौजूद रहे।