fbpx
चंदौलीराज्य/जिला

Chandauli news: बकरी को लेकर दिनभर थाने में चली पंचायत, पुलिस ने निकाला अनूठा हल, काफी दिलचस्प है मामला

जय तिवारी

चंदौली। बकरी धानापुर कस्बा में चर्चा का विषय और पुलिस के लिए सिरदर्द बनी रही। दिनभर चली पंचायत के बाद पुलिस ने इसका अनूठा हल निकाला। दरअसल एक बकरी पर दो लोग अपना मालिकाना हक जताने लगे। यही मामला विवाद की वजह बना। आइए जानते हैं बकरी से जुड़ा दिलचस्प किस्सा।

बकरी एक मालिक दो
धानापुर कस्बा निवासी सद्दाम अंसारी की बकरी एक साल पहले अचानक गुम हो गई। शनिवार को सद्दाम को पता चला कि उनकी बकरी नरहरपुर गांव निवासी दाबोदर उर्फ बिरबल के पास है। फिर क्या था सद्दाम बिरबल के घर पहुंचे और बकरी वापस करने की मांग करने लगे। जबकि बिरबल ने तर्क दिया कि बकरी पिछले पांच साल से उनके पास है। दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। बात थाने तक पहुंच गई। दोनों पक्षों को बकरी के साथ धानापुर थाना बुलाया गया। दोनों ही पक्ष बकरी पर अपना हक जता रहे थे। अंत में यह तय हुआ कि बकरी जिसके पास जाएगी उसकी हो जाएगी। लेकिन बकरी ने पुलिस को भी संशय में डाल दिया। कभी बिरबल के पास जाती तो कभी सद्दाम के पास। ऐसे में विवाद बरकरार ही रहा। अंत में थानाध्यक्ष प्रशांत सिंह ने निर्णय लिया कि बकरी बिरबल के पास ही रहेगी। लेकिन जब बच्चा देगी तो एक बच्चा सद्दाम को देना होगा। इसी पर दोनों पक्षों में सहमति बनी और लिखा पढ़ी के साथ विवाद का निबटारा हो गया।

Back to top button