
चंदौली। योगी सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री व जिले के प्रभारी संजीव गोंड ने कहा कि यूपी की जनता को डबल इंजन वाली सरकार का फायदा मिला है। प्रदेश का तेजी से विकास हुआ है और कानून व्यवस्था का राज कायम हुआ है। सरकार किसानों, नौजवानों, गरीबों के हित में काम कर रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार का दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर उपलब्धियां गिनाईं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द होने को कानून व्यवस्था से जुड़ा मामला बताया। बोले, इसमें सरकार की कोई मंशा नहीं है।
प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम योगी का उद्बोधन सुना। कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने प्रशासनिक कौशल व दूरदर्शिता से प्रदेश में न केवल कानून का राज स्थापित किया, बल्कि जर्जर अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाकर समावेशी विकास की रूपरेखा तैयार की। यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में 25 हजार निवेशकों ने प्रतिभाग किया और 35 लाख करोड़ का निवेश प्राप्त हुआ। इससे डेढ़ करोड़ युवओं के लिए रोजगार का नया रास्ता तैयार हुआ है। उन्होंने राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द होने पर प्रतिक्रिया दी। बोले, यह कानून व्यवस्था का मामला है। माननीय न्यायालय का फैसला सर्वमान्य है। इसमें पार्टी या किसी व्यक्ति की कोई राजनीतिक मंशा नहीं है। अखिलेश यादव की तरफ से सदस्यता खत्म किए जाने को विपक्ष की आवाज दबाने के आरोपों पर कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास की भावना से काम कर रही। इसमें न तो पार्टी की कोई भूमिका है और न ही सरकार की कोई मंशा है। शिवपाल यादव की तरफ से योगी सरकार के छह सालों के कार्यकाल में किसानों की दुर्दशा आरोपों पर भी प्रभारी मंत्री बोले। कहा कि 2017 से पहले सपा की सरकार थी। उन्होंने किसानों के लिए कुछ नहीं किया। योगी सरकार किसानों की आय दोगुना करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार ने कानून व्यवस्था व विकास के मामले में काम किया। इसके चलते जनता ने बीजेपी सरकार की सत्ता में वापसी कराई। सरकार की ओर से सुंदर कांड पाठ कराए जाने पर स्वामी प्रसाद मौर्या ने सवाल खड़े किए हैं। इस पर प्रभारी मंत्री बोले, रामचरित मानस एक धार्मिक ग्रंथ है। इसे सबको पढ़ना चाहिए। हम लोग हिन्दू धर्म को मानते हैं। हमारा मानना है कि हिंदुस्तान में रहने वाले सभी हिंदुओं को इसे मानना चाहिए।