fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : आईजी ने सदर कोतवाली का किया निरीक्षण, देखी व्यवस्था, पुलिस सेवाओं को बेहतर बनाने पर दिया जोर

चंदौली। पुलिस महानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र, मोहित गुप्ता ने गुरुवार को सदर कोतवाली का निरीक्षण किया। इस दौरान थाने के अभिलेख, शस्त्रागार, भोजनालय, सीसीटीएनएस कार्यालय, बैरक, हवालात, मालखाना, शौचालय, और थाना परिसर की साफ-सफाई की गहन समीक्षा की। उन्होंने पुलिस सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।

श्री गुप्ता ने जनसुनवाई के दौरान दर्ज शिकायतों और महिला हेल्प डेस्क के रजिस्टर का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि थाने में आने वाली जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाने में तत्परता बरती जाए। थाना परिसर में खड़े वाहनों के निस्तारण की प्रगति पर भी ध्यान दिया गया। मालखाना निरीक्षण के दौरान मालखाना मुहर्रिर को लंबित वस्तुओं के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) की कार्यक्षमता की समीक्षा करते हुए श्री गुप्ता ने रिस्पांस टाइम को न्यूनतम करने के निर्देश दिए।

सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। ग्राम चौकीदारों के साथ गोष्ठी आयोजित कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और उपस्थित चौकीदारों को कंबल वितरित किए गए। थाना समाधान दिवस पर जनता की शिकायतों के त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण के लिए प्रभारी निरीक्षक चंदौली राजेश कुमार सिंह को निर्देश दिए गए कि वे शिकायतों की विधिक जांच कर समय पर समाधान सुनिश्चित करें।

 

इसके अतिरिक्त, उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी सीधी भर्ती के शारीरिक माप-तौल परीक्षण का निरीक्षण किया गया, जिसमें प्रक्रिया की पारदर्शिता और दक्षता की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान एसपी आदित्य लांग्हे, पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) अनिल कुमार यादव, अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) विनय कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी (सदर) राजेश राय, थानाध्यक्ष चंदौली, और अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Back to top button