
चंदौली। बलुआ थाना के महुआरी गांव निवासी किशोर होली खेलने के बाद परिवार के दूसरे लड़कों संग गंगा में नहा रहा किशोर की डूबने से मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव बरामद कराया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
महुआरी निवासी प्रशांत यादव (15 वर्ष) होली खेलने के बाद प्रशांत अपने परिवार के अन्य लड़कों के साथ गंगा में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दूसरे लड़कों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह तेज बहाव में बह गया।
घटना के बाद लड़कों ने चीख-पुकार मचाई और तुरंत घर जाकर परिवार को सूचना दी। प्रशांत के पिता सुभाष यादव यह खबर सुनकर बदहवास हो गए। परिजनों और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर खोजबीन शुरू की और पुलिस को भी सूचना दी।
पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। प्रशांत की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। होली के खुशी भरे माहौल में यह हादसा पूरे परिवार के लिए गहरे सदमे में बदल गया।