fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : निर्भया दिवस पर ग्राम्या संस्थान ने निकाली साइकिल रैली, महिला सुरक्षा व हक के लिए किया जागरूक

चंदौली। अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा विरोधी पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को निर्भया दिवस के अवसर पर ग्राम्या संस्थान व इब्तिदा नेटवर्क के संयुक्त तत्वावधान में साइकिल रैली निकाली गई। रैली लालतापुर गांव से नौगढ़ थाने तक पहुंची। इस दौरान महिलाओं को उनके हक और अधिकार के लिए जागरूक किया गया।

रैली में शामिल महिलाएं हर महिला का है अधिकार हिंसा मुक्त हो घर परिवार, महिला हिंसा बंद करो बंद करो, लड़का लड़की एक समान सबको शिक्षा सबको ज्ञान, 1090 पर फोन करो महिला हिंसा दूर करो आदि नारा लगाते हुए चल रही थीं। रैली ने बसौली, डुमरिया, रीठिया से होते हुए नौगढ़ थाना पहुंचकर राष्ट्रीय जेंडर अभियान कार्यशाला में सम्मिलित हुई। ग्राम्या संस्थान की निदेशक बिंदु सिंह ने बताया कि महिलाओं, लड़कियों पर हो रही हिंसा के विरोध में आमजन को जागरूक करने के लिए यह अभियान 25 नवंबर से 16 दिसंबर निर्भया दिवस तक चलाया गया। दिल्ली में निर्भया कांड हुआ था, जिसकी हम सभी घोर निंदा करते हैं। दोबारा किसी के साथ ऐसी घटनाएं ना हों। थानाप्रभारी दीनदयाल पांडेय ने राष्ट्रीय जेंडर अभियान के बारे में जानकारी दी। बोले, बालक-बालिका या महिला-पुरुष में भेदभाव अंतर करने से समाज में गैर बराबरी बढ़ेगी। सरकार इसके प्रति बहुत संवेदनशील है। हम सभी को इसके प्रति जागरूक होना पड़ेगा। इस दौरान सावित्री, दिव्यांशी, पूजा, गुंजा, सुनील, धर्मेंद्र, श्रीराम, रामविलास, रिंकू आदि मौजूद रहीं। संचालन नीतू सिंह ने किया।

 

Back to top button