fbpx
चंदौलीप्रशासन

Chandauli News : DM ने किसान कल्याण केंद्र बरहनी का लिया जायजा, गंदगी मिलने पर अफसरों को सफाई व सुधार की दी नसीहत  

चंदौली। जिलाधिकारी निखिल टी फुंडे ने शुक्रवार को किसान कल्याण केन्द्र बरहनी का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र पर व्यवस्था देखीं। गंदगी पर असंतोष जताया और अधिकारियों को सफाई व सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने काला चावल कृषक उत्पादकता समूह समेत अन्य कृषक समूहों के क्रियाकलापों का भी अवलोकन किया। समूह संचालकों से उनके कामकाज के बाबत जानकारी ली। साथ ही सहयोग का भरोसा दिलाया।

 

 

कृषि विभाग के अधिकारियों ने डीएम को कृषि निवेशों यथा बीज, जिप्सम तथा कृषि रक्षा रसायनो के सम्बन्ध में जानकारी दी। बताया कि कृषकों को जिप्सम 75 प्रतिशत अनुदान पर दिया जा रहा है। इसे धान तथा तिलहन की खेती करने वाले किसान सल्फर के श्रोत के रूप में तथा क्षारीय मृदाओं में मृदा सुधारक के रूप में प्रयोग कर सकते हैं। डीएम ने पीएम किसान हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया। कृषको की समस्त लम्बित शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने का निर्देश दिया। इसके बाद अमड़ा ग्राम में बरहनी काला चावल कृषक उत्पादकता समूह के कार्यकलापों का भी जायजा लिया। निदेशक मंडल से काला चावल की खेती तथा विपणन में आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। विपणन की समस्याओं के निराकरण के लिए जिलाधिकारी द्वारा काला चावल के विभिन्न उत्पादों में उपयोग बढ़ाने पर सुझाव मांगे। उत्पादकता समूह के अध्यक्ष शशिकान्त राय तथा कोषाध्यक्ष रतन कुमार सिंह ने समूह के अन्य कार्यकलापों की जानकारी दी। अवगत कराया कि समूह की जमा पूंजी 20 लाख रुपये के पास पहुच गयी है, जिसकी सहायता से कृषि विविधीकरण पर विशेष फोकस किया जा रहा है। डीएम ने इमिलियां ग्राम में इशानी एग्रों कृषक उत्पादकता समूह के कार्यकलापों का स्थलीय निरीक्षण किया। समूह के अध्यक्ष अजय सिंह ने समूह द्वारा स्थापित बीज प्रोसेसिंग प्लान्ट तथा बीज गोदाम का मौके पर निरीक्षण कराया। बताया कि उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के साथ अनुबन्ध के आधार पर प्रमाणित बीजों की प्रोसेसिंग कर जनपद चन्दौली तथा आस-पास के अन्य जनपदों केा आपूर्ति की जाती है। समूह द्वारा सफल मत्स्य पालन कार्यक्रम के लिए स्थापित तालाबों का भ्रमण कराकर जिलाधिकारी को इसके आर्थिक पहलुओं के सम्बन्ध में जानकारी दी गयी।

Back to top button