
चंदौली। महाशिवरात्रि के दिन चकिया इलाके में चंद्रप्रभा के तट पर स्थित जागेश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन को श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भोर से ही भक्त बाबा के दर्शन और जलाभिषेक को पहुंचने लगे। लोगों ने महादेव का जलाभिषेक और दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। जागेश्वनाथ धाम स्थित स्वयंभू शिवलिंग को लेकर मान्यता है कि यह हर साल अपने आकार से बढ़ जाता है। दिव्य शिवलिंग के दर्शन-पूजन से पाप कट जाते हैं और सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
महाशिवरात्रि के दिन चकिया क्षेत्र के हेतिमपुर स्थित बाबा जागेश्वनाथ के दर्शन को भोर से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे। दिन चढ़ने के साथ ही शिव भक्तों की कतार लंबी होती गई। पूरा परिसर हर-हर महादेव के उद्घोष से गुंजायमान रहा। लोगों ने जलाभिषेक और दर्शन कर महादेव से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। देर शाम तक दर्शन-पूजन का क्रम चलेगा। ऐसी मान्यता है कि शिवलिंग हर साल अपने निश्चित आकार से बढ़ जाता है।
शाम को महादेव व माता पार्वती के विवाहोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। महाशिवरात्रि पर भक्तों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन अलर्ट नजर आया। मंदिर प्रांगण से आधे किलोमीटर दूर ही वाहनों को रोक दिया गया था। वहीं जागेश्वनाथ धाम में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।