
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली के बिशुनपुर गांव निवासी युवक अपने चार वर्षीय पुत्र के साथ सोमवार की दोपहर गांव के बाहर कुएं में कूद गया। इससे गांव में कोहराम मच गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पिता का शव बरामद कर लिया। गोताखोरों की मदद से पानी में डूबे बालक का पता लगाया जा रहा है।
बिशुनपुर गांव निवासी आशुतोष सिंह (35 वर्ष) की पत्नी दो साल पहले ही पारिवारिक विवाद के चलते घर छोड़कर चली गई थी। वह अपनी मां व चार साल के पुत्र प्रवल सिंह के साथ घर में रहता था। सोमवार की दोपहर अचानक पुत्र को लेकर कुएं पर पहुंचा और छलांग लगा दी। लोगों ने देखा तो हो-हल्ला मचाया। कुएं के पास ग्रामीण इकट्ठा हो गए। लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आशुतोष का शव बरामद कर लिया। वहीं बालक का पता लगाने के लिए गोताखोरों की टीम बुलाई गई है। पुलिस के अनुसार पत्नी के छोड़कर जाने के बाद से आशुतोष मानसिक तौर पर काफी परेशान था। इनदिनों नशे का आदी हो गया था। आशुतोष के पिता सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी मौत पहले ही हो चुकी थी। मां को पेंशन मिलती थी। उससे ही घर-परिवार चल रहा था।