
चंदौली। दिल्ली और मिल्कीपुर विधानसभा चुनाव में बंपर जीत से भाजपाइयों का उत्साह चरम पर है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सांसद डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने पार्टी की जीत पर हर्ष जताया। उन्होंने अपने कैंप कार्यालय, सारनाथ में कार्यकर्ताओं के साथ मिठाई का वितरण किया। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास को स्वीकार किया।
उन्होंने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास को न केवल स्वीकार कर रही है, बल्कि उनके गारंटीशुदा वादों पर पूरा भरोसा भी जता रही है। जनता ने झूठे वादे करने वालों को सख्त संदेश दे दिया है। भाजपा की नीतियों को समर्थन देकर उन्हें करारी शिकस्त दी है।
डॉ. पांडेय ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाएं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा और विकास कार्यों में समर्पित भाव से जुटने वाले कार्यकर्ताओं को जनता अवश्य सराहेगी और उनकी पहचान अन्य दलों से अलग और बेहतर बनेगी। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरिवंश उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष गंगा साहनी, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेश तिवारी, योगेंद्र मिश्रा, आलोक वरुण, अंशु चतुर्वेदी, ब्रिजेश विंद, विनोद विंद, शिवनारायण ओझा, रिपुसूदन पांडेय, रिंटू सिंह, अशोक सिंह, मुस्ताक अहमद समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।