
गाजीपुर। कलयुगी पिता ने पिता-पुत्री के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर दिया। अपनी ही नाबालिग पुत्री को डरा-धमका कर छह माह से दुष्कर्म कर रहा था। काफी दिनों बाद जब पत्नी को पता चला तो उसने पति को एक मौका देते हुए समझाने का प्रयास किया। लेकिन हैवान पिता अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो पत्नी शनिवार को बेटी के साथ थाने पहुंची और पति की शिकायत की। बेटी ने भी पुलिस को पिता की करतूत बताई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना दुल्लहपुर थाना क्षेत्र की है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति पिछले छह माह से अपनी 14 वर्ष की नाबालिग बेटी से दुष्कर्म कर रहा था। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता था। आरोपित की पत्नी को इसकी कोई जानकारी नहीं थी। एक दिन उसको किसी तरह इस बात की जानकारी हुई तो वह सन्न रह गई। पति को काफी समझाया। मायके वालों को भी उनके पति की करतूत से अवगत कराया। मायके वालों ने भी आरोपित को समझाया और संबंधों की दुहाई भी दी। लेकिन वह अपनी गंदी आदत से बाज नहीं आया। थक हारकर आरोपित की पत्नी ने सबक सिखाने की ठानी और शनिवार को बेटी के साथ थाने पहुंच गई। बेटी ने पिता के खिलाफ बयान दिया। कहानी सुनकर पुलिस भी चकित रह गई। बहरहाल फौरी कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं किशोरी का मेडिकल कराया गया।