fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : रामनवमी पर चंदौली में निकलेगी भव्य शोभायात्रा, लोगों को लुभाएंगी आकर्षक झांकियां

चंदौली। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वाधान में श्री राम महोत्सव समिति ने रामनवमी के भव्य आयोजन की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस वर्ष का महोत्सव भीम बाबा मंदिर प्रांगण, शिवानगर (सैयदराजा) से शुरू होकर भव्य शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न होगा। इसको लेकर समितियों के पदाधिकारियों ने मंथन किया। आयोजन की तैयारी जोरों पर है।

 

समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, 6 अप्रैल, रविवार को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह 5 बजे ध्वजा प्रभात फेरी और नगर भ्रमण से शुभारंभ होगा, जिसमें भक्तगण जय श्री राम के उद्घोष के साथ शामिल होंगे। इसके बाद सुबह 10 बजे भजन एवं कीर्तन का आयोजन होगा, जिससे भक्तिमय माहौल बनेगा।

 

मध्याह्न 12 बजे श्री राम जन्मोत्सव का आयोजन होगा, जिसके बाद दोपहर 2 बजे से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा कामाख्या मंदिर पौहारी बाबा की कुटिया से शुरू होकर भीम बाबा मंदिर पर समाप्त होगी। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, भव्य लाग और धार्मिक स्वरूपों की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके बाद सांय 7 बजे महाआरती और भक्ति नृत्य सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

 

संयोजक नरेंद्र चौरसिया ने कहा कि सनातन धर्म हमारी संस्कृति और विरासत से जीने की सीख देता है। नवरात्रि से हिंदू नववर्ष की शुरुआत होती है, जो प्रकृति की सुंदरता को दर्शाता है। समिति के अध्यक्ष परमेश्वर मोदनवाल ने बताया कि इस बार दुर्गावाहिनी की बालिकाएं शोभायात्रा में ध्वजा पताका लेकर नेतृत्व करेंगी। यह महिला सशक्तिकरण का संदेश देगा, जो प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के महिलाओं को सशक्त बनाने के संकल्प से प्रेरित है।

 

विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ सदस्य एवं भीम बाबा मंदिर से जुड़े बच्चा बाबू अग्रहरि ने कहा कि यह कार्यक्रम हर सनातनी के लिए गौरव का क्षण है। इस वर्ष की झांकियों को भव्य रूप से प्रस्तुत किया जाएगा, जो भक्तों को भगवान राम की दिव्यता का अनुभव कराएंगी। इस दौरान खुश्बू वर्मा, सिद्धि चौरसिया, शालिनी वर्मा, दिलीप अग्रहरि, अविनाश कश्यप, गणेश मद्धेशिया, अनिल गुप्ता, सुरेश कुमार गुप्ता, जयराम सिंह, संजय कुमार कश्यप और सुशील शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

Back to top button