fbpx
क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

चंदौलीः पति से झगड़े के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में हुई महिला की मौत

चंदौली। इलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ईसरगोढ़वा गांव में शुक्रवार को तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में उमरावती देवी (52) की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पति से झगड़े के बाद महिला के विषाक्त पदार्थ खाकर जान देने की बात सामने आ रही है।

उमरावती की तबीयत गुरुवार की रात बिगड़ गई। उसके पेट में दर्द और मुंह से झाग निकलने लगा। इस पर परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना के बारे में परिजनों से जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार उमरावती का पति बाबूलाल शराब पीने का आदी है। शराब के नशे में घर पहुंचता था तो पत्नी से अक्सर झगड़ा होता था। शराब के नशे की वजह से बाबूलाल पर काफी कर्ज भी लद गया था। इसके चलते उसने गुरुवार को पैतृक संपत्ति भी बेच दी। रात में घर पहुंचा तो उमरावती से झगड़ा हुआ। इसके बाद महिला ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। मृतिका को दो पुत्र व एक पुत्री है। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

Back to top button