
तरुण भार्गव
चंदौली। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ग्रुप सेंटर में मंगलवार को क्षेत्रीय केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल परिवार कल्याण संघ ( RCWWA) का उद्घाटन किया गया। पुलवामा हमले में शहीद जिले के बहादुरपुर गांव निवासी सीआरपीएफ जवान स्वर्गीय अवधेश कुमार यादव की पत्नी शिल्पी यादव के इसका शुभारंभ किया। इससे जवानों के परिजनों का कौशल विकास होगा। साथ ही आत्मनिर्भर भी बनेंगे।
इस अवसर पर क्षेत्रीय कावा अध्यक्ष ग्रुप केंद्र चंदौली प्रीति ने शिल्पी यादव को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। साथ ही महिला सदस्यों के लिए संचालित विभिन्न प्रकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने क्षेत्रीय केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल परिवार कल्याण संघ की ओर से संचालित किए जाने वाले विभिन्न प्रकार के क्रियाकलापों में सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र में रहने वाली महिलाओं से बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी करने की अपील की। ताकि उनका कौशल विकास कर आत्मनिर्भर बनाया जा सके। इसके तहत सिलाई, कढ़ाई, पाककला और कंप्यूटर आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही महिलाओं व बच्चों के लिए कई प्रकार के मनोरंजक और ज्ञानवर्धक विषयों पर व्याख्यान सत्र का भी आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक सीआरपीएफ राकेश कुमार ने अधिकारियों एवं क्षेत्रीय कावा सदस्यों का आभार जताया। बोले, ग्रुप सेंटर में निवास करने वाले सभी परिवारों को अच्छे स्वास्थ्य शिक्षा और बेहतर भविष्य भौतिक सुविधाएं प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे ग्रुप केंद्र एक मानक और सर्वश्रेष्ठ ग्रुप केंद्र के रूप में स्थापित हो सके। कावा के जरिये महिलाएं खुद की बनाई सामग्री की बिक्री भी कर सकती हैं। पुलिस उपमहानिरीक्षक सीआरपीएफ राकेश कुमार, ग्रुप कमांडेंट चकिया श्यामसुंदर सहित अन्य अधिकारीगण तथा क्षेत्रीय महिलाएं व उनके परिजन मौजूद रहे।