fbpx
weatherचंदौली

Chandauli News : सामान्य स्थिति में पहुंची मानसून द्रोणी, मौसम बदला, जानिये कब होगी झमाझम बारिश

चंदौली। दक्षिण भारत की ओर से खिसकी मानसून द्रोणी अपने सामान्य स्थिति के करीब पहुंच गई है। इससे मौसम बदल गया है। आसमान में बादलों का डेरा है। वहीं कहीं-कहीं हल्की बूंदाबादी भी शुरू हो गई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, शनिवार से हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।

 

राज्य कृषि मौसम केंद्र लखनऊ के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उड़ीसा तट पर बने कम दबाव के क्षेत्र के कमजोर पड़ने के साथ ही मानसून द्रोणी के उत्तर की ओर खिसककर अपनी सामान्य स्थिति के आसपास पहुच गई है। हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में निचले क्षोभ मंडल में बंगाल की खाड़ी से आ रही नमीयुक्त पुरवा हवाओं की पाकिस्तान के ऊपर अवस्थित सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के साथ प्रतिक्रिया होने के कारण बारिश के आसार बढ़ गए हैं। बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 जुलाई से, जबकि चंदौली समेत प्रदेश के पूर्वी भागों में 29 जुलाई से मानसून की सक्रियता बढ़ने की संभावना है। यह आगामी कुछ दिनों तक जारी रहेगी। इस दौरान हल्की से मध्यम वर्षा के साथ-साथ पूर्वांचल के दक्षिणी जिलों में तथा प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी भाग में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की भी संभावना है।

Back to top button