
तरुण भार्गव
चंदौली। आगामी लोकसभा चुनाव के देखते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के निर्देश पर उत्तर प्रदेश के कई जिलों के भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्षों को बदला गया है। चंदौली में भी अभिमन्यु सिंह को हटाकर उनके स्थान पर चकिया विकासखंड के रघुनाथपुर ग्राम सभा निवासी पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता और वर्तमान में चंदौली के उपाध्यक्ष रहे काशीनाथ सिंह को भाजपा जिलाध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। इसकी जानकारी होते ही कार्यकर्ताओं समेत आम लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई देने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
काशीनाथ सिंह किसान परिवार से हैं। लगातार कई वर्षों से भारतीय जनता पार्टी की ओर से दी गई विभिन्न जिम्मेदारियों का सम्यक तौर पर निर्वहन करते चले आ रहे हैं। सरल व्यवहार, सौम्य आचरण व जनता से सीधे जुड़ाव के कारण आम जनमानस में भी काफी लोकप्रिय हैं। राजनीतिक कुशलता तथा संगठन संचालन के लंबे अनुभव के कारण प्रदेश अध्यक्ष की ओर से काशीनाथ सिंह को चंदौली जिले की कमल की कमान सोपी गई है। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष ने प्रदेश संगठन सहित सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए जिले में भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक मजबूती को बढ़ाने तथा सरकार से संचालित योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपनी प्राथमिकताओं को दोहराया। काशीनाथ सिंह के जिलाध्यक्ष बनते ही जिले सहित चकिया क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। पार्टी पदाधिकारी सहित आम जनमानस की ओर से बधाई देने का क्रम लगातार जारी है।