
तरुण भार्गव
चंदौली। सीआरपीएफ ऑल इंडिया महिला मोटरसाइकिल अभियान 2023 मिशन यशस्विनी के तहत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 50 महिला कर्मियों का 25 मोटरसाइकिलों पर सवार दल सोनहूल स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पहुंचा। यहां सीआरपीएफ के डीआईजी राकेश कुमार और विधायक कैलाश आचार्य ने उनका स्वागत किया। सम्मान समारोह की शुरुआत दीप जलाकर किया गया। महिला बाइकर्स का समूह नारी सशक्तीकरण का संदेश देने के लिए 5 अक्टूबर को शिलांग से निकला है, जो 31 अक्टूबर को गुजरात पहुंचेगा।
बाइकर्स 40 जिलों से गुजरती हुई 3291 किलोमीटर का सफर तय करते हुए 31 अक्टूबर को लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जन्म स्थान एकता नगर गुजरात में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगी। अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार की ओर से नारी शक्ति सशक्तीकरण के तहत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के साथ समन्वित रूप से जनता में जागरूकता को बढ़ावा देना है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से देश में नागरिकों के बीच बालिकाओं को शोषण से बचाने एवं उन्हें अपने अधिकारों के प्रति शिक्षित करने तथा शिक्षा के माध्यम से सामाजिक व वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने हेतु सीआरपीएफ ने ऑल इंडिया महिला मोटर साइकिल अभियान 2023 कार्यक्रम का आयोजन किया है। इसे मिशन यशस्विनी का नाम दिया गया है। 14 अक्टूबर को महिला बाइक दल का स्वागत तथा कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन सिकंदरपुर स्थित एसआरबीएस कॉलेज में किया जाएगा। इसके पश्चात नमो घाट वाराणसी में महिला एनसीसी कैडेट की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं कमिश्नरेट वाराणसी में जिला प्रशासन की ओर से स्वागत एवं विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। महिला बाइकर्स दल की ओर से ग्रुप सेंटर में स्वच्छता अभियान कार्यक्रम चलाया जाएगा। 15 अक्टूबर को ग्रुप सेंटर से फ्लैग ऑफ कर रवाना किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य मुख्य अतिथि दर्शना सिंह, विशेष महानिदेशक केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल एवं पुलिस महानिरीक्षक रहेंगे।