चंदौली। बबुरी थाना के दूदे गांव के समीप चकिया-पीडीडीयू नगर मार्ग पर रविवार की दोपहर आटो व बाइक में टक्कर हो गई। इससे आटो अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना में आटो में सवार बैंड बाजा मालिक विकास उर्फ पिंटू (23) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर पहुंचे परिजन उन्हें लेकर बीएचयू ट्रामा सेंटर जा रहे थे, लेकिन बीच रास्ते उनकी मौत हो गई। घटना से परिजनों में नाराजगी है। परिजन शव लेकर बबुरी थाने जा रहे हैं। उन्होंने पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की है।
बैंड बाजा मालिक पिंटू अलीनगर के सिंघीताली से साथियों के साथ आटो से शहाबगंज के अमाव गांव जा रहे थे। जैसे ही दूदे गांव के समीप पहुंचे, तभी सामने से बाइक सवार दो युवक अचानक आ गए। बाइक और आटो की टक्कर हो गई। इसमें आटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें पांच लोग घायल हो गए। पिंटू को गंभीर चोटें आईं। इसकी जानकारी के बाद परिजन भी पहुंच गए। पिंटू को लेकर बीएचयू ट्रामा सेंटर जा रहे थे। हालांकि रास्ते में भी उनकी मौत हो गई। इससे कोहराम मच गया। अन्य घायल सचाऊ, छोटू,भगवानदास, किशोरी का उपचार चल रहा है। मृतक को एक आठ माह की बेटी है। घटना को लेकर परिजनों में आक्रोश है। परिजनों ने उचित कार्रवाई की मांग की है।