fbpx
क्राइमचंदौली

Chandauli News : परचून की दुकान पर बिक रही थी शराब, महिलाओं के प्रदर्शन के बाद दरोगा व सिपाही लाइनहाजिर

चंदौली। सकलडीहा थाना के ओड़ौली गांव में परचून की दुकान पर शराब की बेरोकटोक बिक्री का मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग में खलबली मची है। इसको लेकर गांव की महिलाओं ने शुक्रवार को थाने पर प्रदर्शन किया। इस पर बीट के दरोगा व आरक्षी को लाइनहाजिर कर दिया गया है। वहीं पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

गांव की महिलाओं व पुरुषों ने थाने पर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि गांव में परचून की दुकानों पर धड़ल्ले से शराब की बिक्री की जा रही है। इससे गांव में शांति व्यवस्था के लिए खतरा बढ़ गया है। कहा कि इसकी शिकायत कई बार आबकारी विभाग के अधिकारियों से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। महिलाओं के प्रदर्शन के बाद पुलिस महकमा हरकत में आया। एएसपी विनय कुमार सिंह ने बताया कि ओड़ौली गांव की महिलाओं ने सकलडीहा थाने पर सूचना दी थी कि परचून की दुकानों पर शराब की बिक्री की जाती है। इससे वातावरण खराब हो रहा है और बच्चों पर बुरा असर पड़ रहा। लापरवाही पर संबंधित बीट दरोगा व कांस्टेबल को लाइनहाजिर कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के भी आदेश दिए गए हैं।

Back to top button