
चंदौली। बबुरी थाना अंतर्गत बौरी गांव में गुरुवार दोपहर 23 वर्षीय महिला ने कुएं में कूद कर जान दे दी। बताया जाता है कि महिला का अपने पड़ोसी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ जिसके बाद उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। स्थानीय पुलिस के साथ सीओ मुगलसराय मौके पर पहुंचे और पुलिस को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है।
गांव निवासी राजकुमार राम की 23 वर्षीय पुत्री नेहा की तीन साल पहले अलीनगर क्षेत्र के भरछा गांव में शादी हुई थी। नेहा विगत तीन दिन पूर्व ही बौरी अपने मायके आई थी। गुरुवार को पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति के साथ किसी बात को लेकर उसका झगड़ा हो गया। इसके बाद नेहा ने समीप स्थित कुएं में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से शव बाहर निकाला। सीओ आशुतोष भी मौके पर पहुंचे घटना के बाबत जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सीओ ने बताया कि पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।