fbpx
चंदौलीप्रशासन एवं पुलिसराज्य/जिला

प्रत्येक अमृत सरोवर परिसर में लगेंगे 50 से 100 पौधे, जिले में 25 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य

 

चंदौली। पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण व गंगा समिति की बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट में हुई। इसमें जिले में पौधारोपण को लेकर चर्चा की गई। डीएम संजीव सिंह ने पौधारोपण की तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए। प्रत्येक अमृत सरोवर तालाब परिसर में 50 से 100 छायादार व फलदार वृक्षों के पौधे लगाने का निर्णय लिया गया। जिले में इस बार 25 लाख 68 हजार 488 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

डीएम ने कहा कि मनरेगा के जरिए तालाबों के किनारे अथवा ऐसे क्षेत्र जहां पानी की उपलब्धता हो, वहां पौधारोपण शुरू कराया जाए। अमृत सरोवरों के चिह्नित स्थानों पर पचास से सौ पौधे लगवाए जाएं। सरकारी कार्यालयों/परिसरों में छायादार पौधों का रोपण किया जाए। बताया कि जिले में 25 लाख 68 हजार 488 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें पर्यावरण विभाग को 3,51,582, ग्राम्य विकास 13,13,480, राजस्व 1,49,520, पंचायती राज 1,49,520, आवास विकास 6020, औद्योगिक विकास विभाग 4200, नगर विकास विभाग 19,740, लोक निर्माण 10,640, रेशम विभाग 27,590, कृषि 2,51,660, उच्च शिक्षा विभाग 20,300, उद्यान विभाग 1,65,696, पुलिस विभाग 7000 समेत अन्य विभागों को पौधारोपण का लक्ष्य दिया गया है। कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में पौधारोपण के लिए स्थान का चयन करते हुए गड्ढों की खोदाई व अन्य कार्य कराया जाए। वहीं पौधारोपण हर हाल में सुनिश्चित करें। डीएम ने जिला गंगा समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा की। कहा कि जिले में बाढ़ नियंत्रण हेतु बाढ़ चौकियों की स्थापना से संबंधित स्थलीय निरीक्षण कर लिया जाए। भूसा, पानी, दवा राहत सामग्री सहित बाढ़ से प्रभावित लोगों को सुरक्षित जगहों पर रखने हेतु आवश्यक प्रबंध हेतु समस्त तैयारियां समय से सुनिश्चित की जाएं। ठोस अपशिष्ट, प्लास्टिक अपशिष्ट, बायो मेडिकल के निस्तारण की मुकम्मल होनी चाहिए। संबंधित नोडल अधिकारी निर्देशों का अनुपालन हर हाल में सुनिश्चित कराएं। सीडीओ अजितेंद्र नारायण, डीएफओ दिनेश सिंह, सीएमओ डा. वाईके राय, डीपीआरओ ब्रह्मचारी दुबे के साथ ही एसडीएम व विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Back to top button