
चंदौली। कांग्रेसजनों ने अमेरिका में अवैध प्रवासी भारतीयों के अपमानजनक व्यवहार पर विरोध प्रदर्शन किया। शनिवार को पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क में धरना देकर इस मुद्दे को उठाया। धरने का नेतृत्व पूर्व मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र तिवारी ने किया।
धरने को संबोधित करते हुए धर्मेन्द्र तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार विदेश नीति के हर मोर्चे पर असफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मोदी जी अपना दोस्त बताते हैं, लेकिन उनके ही दोस्त ने अप्रवासी भारतीयों के साथ उग्रवादियों जैसा व्यवहार किया। तिवारी ने मोदी सरकार की चुप्पी को देशवासियों के स्वाभिमान के खिलाफ करार दिया और इसे राष्ट्रीय अपमान बताया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि अमेरिका यह तस्वीरें ट्वीट नहीं करता तो मोदी सरकार और उसकी मीडिया ने इस मुद्दे को दबाने की पूरी कोशिश की होती।
तिवारी ने आगे कहा कि भारत अमेरिका का गुलाम नहीं है, जो वह अपने नागरिकों के साथ गुलामों जैसा व्यवहार करे। उन्होंने युवाओं को रोजगार के नाम पर छलने और विदेशों में रोजगार के सपने दिखाने वाले दलालों की आलोचना की। धरने में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छद्म राष्ट्रभक्ति और धर्म के नाम पर लोगों को विभाजित करने वाली सरकार ने देश के नागरिकों के सम्मान से समझौता किया है।
धरने में कांग्रेस के कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे, जिनमें रामजी गुप्ता, आनंद शुक्ला, रजनीकांत पांडेय, तौफीक खान, और अन्य शामिल थे।