
लखनऊ। किसान बिल के विरोध में लखनऊ में विधान सभा का घेराव करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ताओं में चंदौली सहित बड़ी संख्या में पूर्वांचल के कार्यकर्ता शामिल हैं। कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर राजधानी में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। कार्यकर्ताओं की विभिन्न जगहों से गिरफ्तारी हुई है। चंदौली के कार्यकर्ताओं को परिवर्तन चैक से पहले पुलिस ने हिरासत में लिया। इस दौरान कांग्रेसियों की पुलिस से नोंकझोक भी हुई। कुछ को आंशिक चोट भी आई है।
किसान बिल को किसान विरोधी बताते हुए कांग्रेस सहित विपक्षी दल केंद्र और प्रदेश सरकार को निशाने पर लिए हुए हैं। जिलों में विरोध प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता सोमवार को विधान सभा का घेराव करने वाले थे। इसे लेकर पुलिस पहले से ही तैयार थी। राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। पहले पूर्वांचल सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कार्यकर्ता नेहरू भवन स्थिति पार्टी कार्यालय पहुंचे। यहां से विधान सभा का घेराव करने निकले लेकिन रास्ते में ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। सबसे पहले चंदौली के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी हुई है। सभी को सिविल लाइन में रखा गया है। गिरफ्तारी देने वालों में यूथ कांग्रेस के शिवेंद्र मिश्रा, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, प्रभात मिश्रा, आशुतोष तिवारी, रामानुज पांडेय आदि शामिल हैं।