
चंदौली। जिले में धान खरीद की प्रक्रिया सुचारू न होने से नाराज किसानों ने मंगलवार को मुख्यालय स्थित धरनास्थल पर बेमियादी धरना शुरू कर दिया। अधिकारियों पर धान खरीद में लापरवाही का आरोप लगाया। चेताया कि यदि शीघ्र धान खरीद नहीं हुई तो अनाज फूंककर विरोध जताएंगे। न्यायालय के जरिए अफसरों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।
विधानसभा चुनाव के चलते तीन दिन धान खरीद की प्रक्रिया ठप रही। इससे किसानों को दिक्कत हो रही है। नाराज किसानों ने आंदोलन की राह पकड़ी है। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के मंडल प्रवक्ता मणिदेव चतुर्वेदी ने कहा कि सदर एसडीएम अनिवाश कुमार के आश्वासन पर किसान पांच दिनों से ट्रैक्टर पर धान लादकर खड़े है। दर्जन भर ऐसे भी किसान है, जिनका धान की तौल करा दी ली गई, लेकिन अभी तक अंगूठा नहीं लगवाया गया। जब तक अंगूठा नहीं लगेगा, तब किसानों के खाते में पैसा नहीं जाएगा। अधिकारियों की नाकामी की वजह से किसानों के ऐसे दिन देखने पड़ रहे हैं। मंडल अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप तिवारी ने भी किसानों के हित में आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। बोले, धान खरीद में अधिकारी हीलाहवाली कर रहे हैं। जब तक किसानों का धान नहीं खरीदा जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। अखिल भारतीय किसान महासभा के जिलाध्यक्ष श्रवण कुमार मौर्या ने कहा कि जनहित के मुद्दे पर सभी संगठन मिलकर लड़ेंगे। विपणन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में व्यस्त रहे। इसकी वजह से खरीद बाधित रही। इसके एवज में प्रशासन को धान खरीद की तिथि को सात मार्च से आगे बढ़ना चाहिए। चेताया कि यदि शीघ्र अनाज नहीं खरीदा गया तो अनाज फूंककर विरोध जताएंगे। संयुक्त किसान मोर्चा की अगुवाई में आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया। रंकज सिंह, गोपाल सिंह, राजेश सिंह, अमेरिकन पांडेय, चुल्हन राम, प्रभावती देवी, ओमप्रकाश रहे।