
चंदौली। सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की फसल नहीं बिकने और दफ्तरों का चक्कर काट कर परेशान किसान शुक्रवार को पांच ट्रैक्टर पर धान लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए। किसानों का आक्रोश देख अधिकारी सकपका गए। डिप्टी आरएमओ अनूप श्रीवास्तव किसानों को मनाने पहुंचे और उन्होने 80 किमी दूर नौगढ़ के क्रय केंद्र पर धान लेकर जाने की बात कह दी। इससे किसान और आक्रोशित हो गए और उन्हे बैरंग लौटा दिया। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि डीएम भी जरूरत पड़ने पर फोन नहीं उठाते।
भारतीय किसान यूनियन(अराजनैतिक) के मंडल प्रवक्ता मणिदेव चतुर्वेदी ने बताया कि किसान अपनी उपज बेचने को परेशान हैं। इसके लिए पिछले दिनों डिप्टी आरएमओ कार्यालय पर भी किसानों ने अफसरों से वार्ता करने का प्रयास किया। लेकिन किसानों की सुनने के लिए डिप्टी आरएमओ शाम तक कार्यालय नहीं पहुंचे। जिलाधिकारी ने किसानों की सूची उपलब्ध कराने के लिए संगठन के लोगों से वार्ता की थी। उन्हे प्रभावित 39 किसानों की सूची भेज दी गई। इसके बावजूद किसानों से धान की खरीद नहीं की गई। इससे नाराज किसान अपनी उपज लेकर डीएम के कार्यालय पर पहुंचे। आरोप लगाया कि जिले के सभी क्रय केंद्र बंद हैं। केवल बिचौलियों के माध्यम से फर्जी तरीके खरीद हो रही है। किसान यूनियन के प्रवक्ता मणिदेव चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि समस्या समाधान के लिए डीएम को कई बार फोन किया गया। लेकिन वह किसानों का फोन रिसीव नहीं करते है। ऐसे अफसरों पर आम जनता का भरोसा कब तक बरकरार रहेगा। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के मंडल अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप तिवारी, जिलाध्यक्ष सतीश सिंह चौहान मौजूद रहे।