
चंदौली। धानापुर थाना के कवई पहाड़पुर गांव में घर के समीप पेड़ के सहारे युवक का शव लटकता मिला। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने युवक की हत्या कर शव पेड़ से लटकाए जाने की आशंका जताई है। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी रही।
बुद्धपुर निवासी अभिषेक यादव (25 वर्ष) पुत्र दीनदयाल यादव अपने मौसा पारस यादव के यहां कवई पहाड़पुर में बचपना से रह रहा था। उसका शव घर के समीप स्थित एक पेड़ से लटकता हुआ मिला। यह देखकर लोग अवाक रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में ले लिया। गांव के कुछ लोगों का कहना है युवक का शव देखकर उसकी हत्या कर शव को लटकाए जाने की भी बात सामने आ रही है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। मामला प्रेम प्रपंच का बताया जा रहा है।