
चंदौली। पीडीडीयू नगर के अस्पताल के बाहर आक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट में मरने वालों की शिनाख्त हो गई है। घटना में पीडीडीयू नगर निवासी चंद्रभान व राजन की मौत हुई है। दोनों सिलेंडर सप्लाई करने वाली फर्म में काम करते थे। एसपी अंकुर अग्रवाल ने घटना की जांच बैठा दी है। धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों की खिड़कियों के कांच टूट गए। कुछ समय के लिए पूरे इलाके में दहशत और अफरातफरी का माहौल कायम हो गया था। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। घटना के पीछे कारणों का पता लगाया जा रहा है।
एसपी ने बताया कि मेडिकल आक्सीजन सिलेंडर उतारते समय फट गया। इसमें दो की मौत हो गई। पूरी घटना की बारीकी से जांच कराई जाएगी। ताकि पता लगाया जा सके कि किन कारणों से सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य इकट्टा किया है। बताया कि काफी मजबूत सिलेंडर होते हैं, जांच में यह स्पष्ट हो पाएगा कि अधिक प्रेशर या किसी अन्य कारण से सिलेंडर फटे हैं। बाकी सिलेंडर भी चेक किए जाएंगे। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी पुलिस खंगालेगी। इससे पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि ट्रैक्टर से सिलेंडर वाहन में धक्का लगा था अथवा नहीं। कहा कि घटना के लिए जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई तय है।
नो-एंट्री में कैसे पहुंचा ट्रैक्टर-ट्राली
पुलिस इतनी बड़ी घटना के बाद जागी है, लेकिन अहम सवाल यह है कि सुबह के वक्त पीडीडीयू नगर में नो-एंट्री रहती है। ऐसे में ट्रैक्टर-ट्राली कैसे शहर के पाश इलाके में पहुंच गया। भारी वाहनों के आवागमन से जाम लगता है। वहीं हादसों की भी आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद पुलिस मौन साधे रहती है।