
चंदौली। चंदौली बीजेपी को रविवार को नया अध्यक्ष मिल सकता है। पार्टी शीर्ष नेतृत्व की ओर से सभी तैयारियां पूर्ण करने के साथ ही जिलों को फरमान जारी कर दिया गया है। प्रदेश चुनाव अधिकारी पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेंद्र नाथ पांडे का पत्र प्राप्त होने के बाद जनपद स्तर पर तैयारियों को अमलीजामा पहनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
16 मार्च को सभी जिलों में जिलाध्यक्ष ने नाम की घोषणा की जाएगी, लखनऊ मुख्यालय से हमेशा पार्टी के जिलाध्यक्ष घोषित करके लिस्ट जारी करने की परंपरा रही है। लेकिन अब नए प्रयोग और जिस जिले का अध्यक्ष घोषित करना है वहां के सभी पदाधिकारी और अन्य नेताओं की उपस्थिति में ही सबके सामने जिलाध्यक्ष घोषित करने की औपचारिकता पूरी की जाएगी। पार्टी नेतृत्व को नाराजगी और विरोध का अभी अंदेशा है, जिसके चलते वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति और स्वस्थ वातावरण में नए अध्यक्ष के स्वागत करने की बात कही जा रही है। चंदौली की बात करें तो यहां से तीन नाम शॉर्ट लिस्टेड होकर हाई कमान तक पहुंचे थे। जिसमें पूर्व जिलाध्यक्ष सर्वेश कुशवाहा, जिला महामंत्री जितेंद्र पांडेय और वर्तमान जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह शामिल थे। सूत्रों की माने तो सर्वेश कुशवाहा का एक बार फिर जिला अध्यक्ष बनना लगभग तय है। कल होने वाली बैठक में इसकी औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी। सर्वेश कुशवाहा पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेंद्र नाथ पांडे के करीबी माने जाते हैं।