चंदौली। सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने आगामी विधान सभा चुनाव को लेकर कमर कस ली है। गुरुवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित जिला कार्यसमिति की बैठक में 2022 चुनाव को लेकर चर्चा की गई और संगठन की मजबूती पर जोर दिया गया। 2017 विस चुनाव की तरह इस बार भी बूथ को मजबूत कर चुनाव जीतने की रणनीति को दोहराने का निर्णय लिया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का अपना बूथ सबसे मजबूत अभियान सफल रहा था। इस दफा भी बूथ को जीतने की रणनीति पर काम किया जाएगा। जिला कार्यसमिति की बैठक में जिला पंचायत और ब्लाक प्रमुख चुनावों की सफलता पर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने एक दूसरे को बधाई दी और इस जीत को जनता की जीत बताया। कहा कि इससे साबित होता है कि जनता का विश्वास भाजपा पर कायम है। वरिष्ठ नेताओं ने आगामी विधान सभा चुनाव में भी कमर कस कर तैयार करने की बात कही।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का हुआ जोरदार स्वागत
महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दर्शना सिंह का जनपद आगम पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। महिला नेत्री स्वागत से अभिभूत नजर आईं। कहा पार्टी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में जो भरोसा जताया है उसपर खरा उतरते हुए संगठन को मजबूत बनाने का प्रयास करूंगी। बतादें कि दर्शना सिंह चंदौली की रहने वाली हैं और प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर महिला मोर्चा की कमान संभाल चुकी हैं। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल सिंह, सुरेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष चिकित्सा प्रकोष्ठ डा. कृष्णानंद पांडेय, नगर पालिका अध्यक्ष संतोष खरवार, राणा प्रताप सिंह, जिला मीडिया प्रभारी शिवराज सिंह, रमेश जायसवाल आदि उपस्थित रहे।