
चंदौली। पूर्व विधायक बब्बन चौहान सपा छोड़कर अब बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। बुधवार को केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मुगलसराय में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधायक को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। बब्बन चौहान के साथ सैकड़ों लोगों ने भाजपा का दामन थामा। इसके पूर्व पूर्वांचल टाइम्स के साथ विशेष बातचीत में पूर्व विधायक ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए।
बात तक नहीं करते थे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
पूर्व विधायक बब्बन चौहान ने बताया कि 2017 में अखिलेश यादव से पहली मुलाकात हुई। मुझे सपा में यह कहकर लाए कि मुगलसराय से चुनाव लड़वाएंगे। लेकिन टिकट नहीं दिया। टिकट नहीं देना था तो पहले बता देते। विश्वास में लेकर कोई जिम्मेदारी दे देते। लेकिन जब टिकट वितरित हो रहा था तो बात तक नहीं करते थे। कई दफा प्रयास के बाद भी उनसे बात नहीं हो सकी। मिलने का प्रयास किया तो दरवाजा तक बंद कर दिया। उनको लेकर मन में जो सम्मान था वह सब खत्म हो गया। अब तो चारों विधान सभा में सपा प्रत्याशियों को हराना ही मेरा लक्ष्य है।