fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : बालक का कुएं में मिला शव, एक दिन पहले घर से हो गया था लापता, इकलौते बेटे की मौत से मां-बाप को गहरा सदमा

चंदौली। इलिया थाना क्षेत्र के बेन ग्राम पंचायत के शिवपुर गांव में बुधवार को गांव के कुएं में 6 वर्षीय बालक का शव बरामद हुआ। बालक एक दिन पहले ही घर से लापता हो गया था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे की मौत से मां-बाप को गहरा सदमा लगा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सरोज कुमार का 6 वर्षीय पुत्र आरूष मंगलवार की शाम घर से अचानक लापता हो गया। काफी देर तक उसके न दिखाई देने पर घरवालों को आशंका हुई। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं अता-पता नहीं चला। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना के बाद एसओ प्रियंका सिंह हमराहियों संग गांव पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर लापता बालक की काफी खोजबीन की। यहां तक कि गांव में घर-घर तलाशी ली गई, लेकिन उसका कहीं अता-पता नहीं चला। आशंका के आधार पर कुएं में कटिया डालकर देखा गया तो बालक का शव बरामद हुआ।

घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे की मौत की घटना से मां-बाप को गहरा सदमा लगा है। मां संजू देवी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वे बेटे की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पा रही हैं। रोते-रोते अचेत हो जा रही हैं। घटना से ग्रामीण भी आहत हैं। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी रही।

Back to top button