
चंदौली। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मुगलसराय में सपा को तगड़ा झटका लगा है। पूर्व विधायक व सपा नेता बब्बन चौहान ने भाजपा का दामन थाम लिया है। मुगलसराय स्थित दामोदरदास पोखरा पर केंद्रीय मानव संसाधन व कौशल विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे। बब्बन सपा से विधानसभा टिकट के प्रबल दावेदार रहे, हालांकि नामांकन के आखिरी दिन पार्टी ने चंद्रशेखर यादव को टिकट दे दिया था। ऐसे में उन्होंने पाला बदलने का निर्णय लिया है।
बब्बन चौहान पहले बसपा से जुड़े थे। 2012 में बसपा से मुगलसराय विधानसभा के विधायक भी रहे। इसके बाद उन्होंने सपा का दामन थाम लिया था। इस बार विधानसभा चुनाव में टिकट के लिए दावेदारी की थी। मतदाताओं पर अच्छा प्रभाव होने की वजह से उम्मीद थी कि पार्टी उन पर भरोसा दिखाएगी, लेकिन सपा ने टिकट नहीं दिया। इसको लेकर कहीं न कहीं असंतोष गहराता जा रहा था। बब्बन ने पाला बदलकर अब कमल खिलाने का मन बनाया है। उनके भाजपा में जाने से संगठन को मजबूती मिलेगी। मुगलसराय क्षेत्र में चौहान मतदाता अच्छी-खासी तादाद में हैं। ऐसे में चुनाव में सपा को तगड़ा झटका लग सकता है।