
चंदौली। शासन स्तर से ब्लाक प्रमुख पद के चुनावों की घोषणा भले ही न की गई हो लेकिन जीत की संभावनाएं तलाश रहे दावेदारों ने खुद को इस अहम चुनाव में झोंक दिया है। चंदौली की बात करें तो यहां के कई ब्लाकों में चुनाव परिणामों की झलक भी नजर आने लगी है। धानापुर ब्लाक प्रमुख के चुनाव में भी कुछ ऐसे ही समीकरण बनते दिखाई दे रहे हैं। दो दावेदारों अजय सिंह और विनोद सिंह के मैदान में उतरने के बाद रोचक चुनाव की उम्मीदें हर बीतते दिन के साथ धुंधली होती जा रही हैं। यहां से अजय सिंह की दावेदारी पुख्ता हो रही है। दावा यहां तक किया जा रहा है कि अजय सिंह ने बहुमत के करीब बीडीसी का समर्थन जुटा लिया है।
धानापुर ब्लाक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों के 111 पद हैं। एमएलसी बृजेश सिंह और भाजपा विधायक सुशील सिंह के करीबी अजय सिंह के धानापुर ब्लाक से चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद ही लोगों की नजर इस सीट पर टिक गई है। हालांकि पंचायत चुनावके बाद अजय सिंह के निर्विरोध ब्लाक प्रमुख निर्वाचित होने के कयास लगाए जा रहे थे। लेकिन विनोद सिंह ने अजय की दावेदारी को चुनाती देते हुए खुद का नाम भी इस सीट के लिए प्रस्तावित कर दिया। लेकिन अजय सिंह की मजबूत खेमेबंदी के आगे प्रतिद्वंदियों की दावेदारी और तैयारी कमजोर पड़ती नजर आ रही है। जानकारों की माने तो चुनाव नजदीक आते-आते यहां का चुनाव एकतरफा हो जाएगा। वैसे भी जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लाक प्रमुख पद का चुनाव सत्तापक्ष का माना जाता है। हालांकि राजनीति पल-पल रंग बदलने के लिए जानी जाती है। हार-जीत फिलहाल भविष्य के गर्त में छिपी है।