
वाराणसी/चंदौली। पत्नी से तलाक के एक सप्ताह बाद ही पति ने खौफनाक कदम उठाते हुए दो मासूम बच्चों के साथ सामने घाट पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी। जानकारी के बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कर दी। नदी से एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है। जबकि एनडीआरफ की टीम अन्य की तलाश कर रही है।
पड़ाव क्षेत्र के बहादुरपुर गांव का रहने वाला विनोद पटेल अपने दो पुत्रों पांच वर्षीय प्रियांशु और तीन वर्ष के अंशू के साथ रमना गांव में अपनी बहन के घर रहकर खेती और मजदूरी करता था। विनोद की शादी सात वर्ष पहले अमराचक गांव निवासी प्रियंका के साथ हुई थी। घर में आर्थिक तंगी की वजह से पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा होता रहता था। एक सप्ताह पहले दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद से विनोद बच्चों के साथ बहन के घर ही रहता था। बुधवार को विनोद बच्चों के साथ घर के बरामदे में सोया और रात में ही बेटों के साथ साइकिल से सामने घाट पुल पहुंचा और गंगा में कूद गया। रात दो बजे भांजों रिंकू और गौरव की नींद खुली तो देखा मामा और उनके बेटो बिस्तर पर नहीं हैं। दोनों ने घरवालों को सूचना दी। गुरुवार की सुबह सामने घाट पुल पर विनोद की साइकिल दिखी तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरु कर दी। कुछ देर बाद ही छोटे पुत्र अंशु का शव मिल गया। पुलिस एनडीआरफ की मदद से दो अन्य की तलाश कर रही है।