fbpx
ख़बरेंचंदौलीराज्य/जिला

मार्च में ही तपने लगा चंदौली, जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम का मिजाज हाल

 

चंदौली। मार्च के दूसरे पखवारे में गर्मी अपना असर दिखाने लगी है। पिछले दिनों तापमान में तेजी से इजाफा हुआ। अधिकतम तापमान बढ़कर 38.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे दिन में लोग गर्मी से परेशान हो गए। मौसम विभाग की ओर से राहत भरी खबर है। चार-पांच दिनों तक तापमान में कोई खास इजाफा नहीं होगा। फिलहाल लू चलने की संभावना नहीं है।

होली के बाद तापमान में दिनोंदिन वृद्धि हो रही थी। 21 मार्च को जिले का अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इससे लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। दिन में धूप की तल्खी परेशान कर रही थी। वहीं आधी रात तक तापमान में कोई खास राहत नहीं थी। मंगलवार को धूप का असर कम रहा। आसमान में हल्के बादल छाए रहे। इसकी वजह से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभों का प्रभाव घटने व सतही स्तर पर चलने वाली हवाओं के अपेक्षाकृत गर्म और शुष्क रेगिस्तानी क्षेत्रों से आ रही पछुवा हवाओं की वजह से तापमान में क्रमिक वृद्धि हो रही थी। वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव प्रदेश में पहुंचने के साथ ही 22 मार्च से थम गई। कोई सक्रिय प्रणाली न होने के कारण आगामी चार-पांच दिनों के दौरान मौसम शुष्क रहने के साथ तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव के साथ ज्यादा परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस व आर्द्रता 27 प्रतिशत तक रही। हवा की रफ्तार 16 से 17 किलोमीटर प्रति घंटा तक रही।

Back to top button