
भदोही। बाहुबली विधायक विजय मिश्रा को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार को विभिन्न आपराधिक मामलों में पेशी के लिए ज्ञानपुर कोर्ट लाया गया। गहमागहमी के बीच पुलिस ने उन्हें सीजेएम के यहां प्रस्तुत किया। वापस लौटते वक्त विधायक की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक हो गई। न्यायालय परिसर में आस-पास बड़ी संख्या में विधायक के समर्थक मौजूद थे। उन्हें मीडिया से भी बातचीत नहीं करने दी गई। उनकी वकील ने पुलिस के इस कदम का विरोध भी किया। लेकिन सुरक्षा में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें दबर्दस्ती वाहन में बैठाया और वापस जेल ले गए।
विधायक विजय मिश्रा पर महिला गायक के साथ सामूहिक दुष्कर्म, सरकारी और रिश्तेदार की जमीन पर कब्जा व धमकी देने सहित विभिन्न अपराधिक मामले दर्ज हैं। विधायक को आगरा जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच ज्ञानपुर लाया गया। पुलिस ने उन्हें सरपतहां स्थित पुलिस लाइन में रखा। इसके बाद सीजेएम कोर्ट में उनकी पेशी हुई। पेशी से लौटते वक्त विधायक ने मीडिया और अपने समर्थकों से बातचीत करने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से मना किया। इसी बात को लेकर विधायक की पुलिस के अधिकारियों से नोकझोंक भी हुई।