चंदौली। ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव में चंदौली में भाजपा की जीत का डंका बजा है। नौ में से आठ सीटों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। जबकि एकमात्र नियामताबाद सीट सपा के खाते में गई। चार प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। एआरओ ने नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुखों को प्रमाण पत्र प्रदान किया। चुनाव के मद्देनजर ब्लाक मुख्यालयों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। सदर ब्लाक में भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं ने कानून व्यवस्था को भंग किया। आधे घंटे तक जमकर मारपीट व बवाल मचाया।
मतदान प्रक्रिया सुबह 11 बजे शुरू हुई। लगभग चार बजे तक परिणाम घोषित कर दिए गए। इसमें सदर ब्लाक में भाजपा के संजय सिंह बबलू ने 66 मत पाकर जीत हासिल की। वहीं सपा की छाया देवी को 21 और निर्दल उम्मीदवार रामप्रताप सिंह को मात्र चार वोट मिले। सात मत अवैध माने गए। इसी तरह सकलडीहा ब्लाक में भाजपा उम्मीदवार अवधेश सिंह 117 वोट पाकर विजयी हुए। सपा के संतोष यादव को मात्र पांच वोट मिले। चार मत अवैध रहे। बरहनी में भाजपा की सुनीता सिंह ने 85 मत पाकर जीत हासिल की। सपा उम्मीदवार चिंता देवी को मात्र दो और निर्दलीय बिंदा सिंह ने को भी इतने ही मत मिले। चहनियां में भाजपा के अरूण जायसवाल ने 80 मत पाकर जीत दर्ज की। सपा के अच्छेलाल को 23 मत मिले। एक वोट अवैध हो गया। जबकि एक क्षेत्र पंचायत सदस्य ने मतदान नहीं किया। नियामताबाद में सपा की कमला देवी ने 100 वोट पाकर जीत हासिल की। भाजपा समर्थित अपना दल की उम्मीदवार नीलम देवी को मात्र 34 वोट मिले।
चार ब्लाकों में निर्विरोध निर्वाचन, मिला जीत का प्रमाणपत्र
चार ब्लाकों में भाजपा उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन पहले ही तय हो चुका था। चकिया ब्लाक प्रमुख पद के लिए शंभूनाथ सिंह यादव, शहाबंगज में भाजपा की गीता देवी, धानापुर में भाजपा के अजय सिंह और नौगढ़ ब्लाक में भाजपा की प्रेमा कोल के खिलाफ किसी ने पर्चा ही नहीं भरा। ऐसे में नामांकन के दिन ही उनका निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया था। सहायक निर्वाचन अधिकारियों ने ब्लाकों में विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया। चकिया विकास खंड सभागार में निर्विरोध निर्वाचित ब्लाक प्रमुख शंभू यादव को आरओ मिथिलेश कुमार ने प्रमाणपत्र दिया। इस दौरान बीडीओ सरिता सिंह, एडीओ पंचायत सत्येंद्र श्रीवास्तव, शिवतपस्या पासवान आदि मौजूद रहे।