चंदौली। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव का वहीं परिणाम आया जो पहले से लगभग तय था। भाजपा उम्मीदवार और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह के खास दीनानाथ शर्मा ने सपा उम्मीदवार तेजनारायण सिंह को एकतरफा मुकाबले में पराजित कर अध्यक्ष पद की कुर्सी हासिल की। दीनानाथ शर्मा को कुल 35 में से 30 वोट पड़े जबकि सपा प्रत्याशी को महज पांच मतों से संतोष करना पड़ा।
मतदान की प्रक्रिया कलेक्ट्रेट में सुबह 11 बजे से शुरू हुई। शुरूआत के एक घंटे तक कोई जिला पंचायत सदस्य मतदान के लिए नहीं पहुंचा। हालांकि दोपहर 12 बजे भाजपा खेमे से एक साथ 11 जिला पंचायत सदस्य वोट डालने पहुंचे। उनके वापस लौटने के बाद दोबारा 10 सदस्य वोट डालने गए। इसके बाद भाजपा और सपा खेमे के बचे हुए जिला पंचायत सदस्यों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मतदान किया। दोपहर तीन बजे तक जिले के सभी जिला पंचायत सदस्यों ने वोट डाल दिया था। सदस्यों ने मत पत्र पर प्रत्याशियों के नाम के आगे एक, दो और तीन लिखकर वरीयता के आधार पर वोट डाले। जिले के समस्त 35 सदस्यों ने मताधिकार का प्रयोग किया। तीन बजे के बाद मतों की गिनती का क्रम शुरू हुआ। आधे घंटे में परिणाम की घोषणा कर दी गई। इसमें दीनानाथ को 30 और तेजनारायण को पांच मत मिले। एक भी मत अवैध नहीं घोषित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव सिंह ने विजयी प्रत्याशी को प्रमाण पत्र प्रदान किया। मतदान करने पहुंचने वाले जिला पंचायत सदस्यों को लगभग आधा किलोमीटर पैदल सफर तय करना पड़ा। वहीं कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर भी सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रही।
जिला पंचायत सदस्यों से मिले केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री और जिले के सांसद डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने भाजपा कार्यालय पहुंचकर जिला पंचायत सदस्यों से मुलाकात की। सभी सदस्यों को एक कक्ष में बैठाया गया था। कार्यालय के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारियों भी डटे रहे। कार्यालय पर काफी गहमा-गहमी थी। विधायक साधना सिंह, सुशील सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह, सूर्यमुनी तिवारी आदि नेता मतदान के दौरान मुस्तैद रहे।