
चंदौली। राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी के नाक के आपरेशन में टाल मटोल कर रहे चिकित्सक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की शिकायत करने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे सपा नेता और पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू से डीएम चंदौली नहीं मिले। जिलाधिकारी के व्यवहार से आहत पूर्व विधायक ने जमकर भड़ास निकाली। कहा डीएम वेतन तो जनता के टैक्स के पैसों से लेते हैं, लेकिन सत्ता पक्ष के नेताओं इशारे पर काम कर रहे हैं। जनहित के मुद्दे पर उनसे मुलाकात करने का प्रयास किया तो मेरी मौजूदगी की जानकारी होते ही वह पीछे के दरवाजे से निकल गए। कहा जिले की जनता को जिलाधिकारी को इसका जवाब देना होगा।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाते हुए कहा जिले का स्वास्थ्य महकमा राष्ट्रीय स्तर के वालीबाल खिलाड़ी का आपरेशन करने में नाकाम रहा है। सरकारी चिकित्सक पैसे मांग रहा है। शिकायत करने पर ही सीएमएस कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इसी शिकायत को लेकर जब कलेक्ट्रेट पर जिलाधिकारी से मुलाकात करनी चाही और अर्दली से मिलने की सूचना भिजवाई तो डीएम मिलने की बजाय धीरे से निकल गए। पूर्व विधायक ने कहा कि ऐसे जिलाधिकारी को मेरा सलाम है। मेरी सरकार होती तो ऐसे जिलाधिकारी के खिलाफ फैल जाता। लेकिन भाजपा सरकार में डीएम का यह कृत्य पूरी तरह से जन विरोधी है। एक जनप्रतिनिधि से मिलने में जिलाधिकारी कतरा रहे हैं तो आम जनता की फरियाद वह कितनी संजीदगी से सुनते होंगे इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। चेताया कि जनता के प्रति अफसरों की जो जवाबदेही है उसका निर्वहन अफसरों को हर हाल में करना होगा। यदि ऐसा नहीं होता है तो जन अधिकारों के लिए सड़क पर कड़ा संघर्ष व प्रतिकार किया जाएगा।