
चंदौली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों से संवाद स्थापित कर रहे हैं। इसी क्रम में धानापुर ब्लाक के लोकुआ गांव की महिला प्रधान सुशीला देवी शुक्रवार को सीएम के सामने होंगी। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सूबे के मुखिया प्रधानों से बात करेंगे। गांवों में विकास की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। सीएम से वार्ता को लेकर सुशीला काफी रोमांचित हैं। गुरुवार को जिला पंचायत राज अधिकारी खुद प्रधान सुशीला के घर पहुंचे ओर उन्हें इस आशय की जानकारी दी। वहीं सोनभद्र जिले के बभनी ब्लाक के मूंगाडीह की प्रधान गुड़िया देवी भी सीएम से संवाद करेंगी।
चंदौली के लोकुआ गांव की प्रधान सुशीला देवी ने समूह की महिलाओं की मदद से चुनाव जीता। वह क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा व गरीबों की आजीविका से जुड़े सवाल मुख्यमंत्री से पूछने वाली हैं। सुशीला देवी गांव में गठित श्रीगणेश स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष हैं। वहीं महिलाओं की आजीविका व रोजगार को लेकर हमेशा मुखर रहीं। इस बार पंचायत चुनाव में समूह से जुड़ी गांव की महिलाओं ने अपना प्रतिनिधि चुनते हुए उन्हें चुनाव लड़ाया। उन्होंने चार प्रत्याशियों को मात देते हुए 214 मतों से चुनाव जीता। इसलिए उनका चयन मुख्यमंत्री से वार्ता के लिए किया गया। उन्होंने सीएम से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा, गांव के विकास व आजीविका से जुड़े सवाल पूछने का मन बनाया है। कहा कि सरकार गांवों के विकास के लिए पर्याप्त धनराशि भेजती है। इससे गांवों के विकास के साथ ही रोजगार के साधन भी जुटाए जा सकते हैं लेकिन जनप्रतिनिधियों की लापरवाही के चलते गांव विकास से कोसों दूर हैं।